क्वार्सी इलाके की पॉश कॉलोनियों में चोरियां करते फिर रहे अंतर्राज्यीय गैंग के पांच सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इस गैंग का सरगना बदायूं जनपद का बसपा समर्थित पूर्व जिला पंचायत सदस्य निकला है। उसे भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
इस गैंग ने हाल ही में महानगर की अंवतिका कॉलोनी में हुईं मूंगा मोती कारोबारी और अधिवक्ता के घर की चोरियां सहित पांच चोरियां स्वीकारी हैं। यह गैंग लग्जरी गाड़ियों में राजनीतिक पार्टियों का झंडा लगाकर दिन में बंद मकानों की रैकी करता था और रात में चोरी की वारदात को अंजाम दे जाता था।
इंस्पेक्टर क्वार्सी राघवेंद्र सिंह व एसओजी प्रभारी छोटेलाल के अनुसार एसओजी की टीम के साथ एसपी सिटी व सीओ तृतीय के निर्देश पर मुखबिरी के आधार पर सोमवार को वाहन चेकिंग की गई। इस दौरान इंजीनियर्स कॉलोनी से संदिग्ध ईको कार संख्या डीएल 3 सीबीएल 8196 व स्कॉपिर्यो संख्या यूपी 38 सी 7193 को रोका। दोनों कारों में पांच युवक बैठे थे। इनके कब्जे से दो तमंचा व पांच कारतूस बरामद हुए व लाखों रुपये की नकदी आदि बरामद हुई।
थाने लाकर हुई पूछताछ में इन्होंने अपने नाम संभल के थाना रजपुरा के गांव खोजापुर निवासी बिट्टू उर्फ रामनिवास कश्यप, हाल दिल्ली के ख्याला स्थित मकान नंबर 279 ई, इसी गांव का सुरेश कश्यप व हाल दिल्ली की जेजे कालोनी स्थित मकान नंबर 284, राजपुरा हल्द्वानी उत्तराखंड निवासी मिट्टू विश्वास पुत्र कूटी विश्वास, हाल दिल्ली के विष्णु गार्डन के मकान नंबर आरजेड 56, ग्राम रमिवामेड थाना धौरारा लखीमपुरखीरी निवासी शीबू दास पुत्र रतनदास, संभल के थाना रजपुरा स्थित गांव गवां निवासी यासीन पुत्र यामीन बताया।
पूछताछ में इन अभियुक्तों ने स्वीकारा कि पूर्व में बिट्टू कश्यप बसपा के समर्थन से बदायूं जिले का जिला पंचायत सदस्य रहा है। उसकी अलीगढ़ में रिश्तेदारियां हैं, जिसके चलते उसका यहां आना जाना है। उन्होंने बताया कि दिन में वह लग्जरी गाड़ियों में राजनीतिक पार्टियों के झंडे लगाकर पहले पॉश कालोनी के बंद मकानों की रैकी करते हैं। इसके बाद रात में बंद मकानों के सामने गाड़ी खड़ी करके चोरी करते हैं। मकान के बाहर लग्जरी व झंडा लगी गाड़ी खड़ी होने पर पड़ोसी या चौकीदार लोग शक भी नहीं करते। इसके कब्जे से चार लाख 55 हजार तीन सौ सत्तर रुपये, एक आलानकब, पेचकस, चाबी का गुच्छा, सोने-चांदी व रेडीमेड बाजारू जेवरात समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। इस गिरफ्तारी टीम में इंस्पेक्टर व एसओजी प्रभारी के अलावा एसओजी से एसओजी टीम के राकेश कुमार, दुर्विजय सिंह, फिरोज खान, मोहनलाल, मोहम्मद रजा व विजय कुमार शामिल रहे।
गैंग ने पांच चोरियां स्वीकारीं
इंस्पेक्टर के अनुसार इस गैंग ने 22 नवंबर को रामघाट रोड की पॉश अवंतिका कॉलोनी फेस वन में मूंगा मोती कारोबारी के बंद मकान से कई लाख की चोरी, इसी इलाके से अधिवक्ता के घर से कई लाख की चोरी के अलावा अक्तूबर माह की दो चोरियों के अलावा किशनपुर इलाके के एक बंद मकान से चोरी स्वीकारी है। मूंगा मोती कारोबारी व अधिवक्ता के घर से चोरी गया अच्छा खासा माल भी इनसे बरामद हुआ है। इसके अलावा शहर की अन्य चोरियां में पूछताछ जारी है।
दिल्ली में भी ऐसे ही चोरियां
इस गैंग के अनुसार दिल्ली के जनकपुरी इलाके में भी इसी तरह यह लोग चोरियां करते हैं। वहां से दो बार जेल भी जाना हुआ है। पुलिस ने इनकी तलाशी में इनकी जेबों से दिल्ली के मुकदमों से संबंधित वारंट भी बरामद किए हैं।