अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार को लेकर एसएसपी के सख्त रुख के बाद भी मातहत पुलिस की खूब फजीहत करा रहे हैं। बृहस्पतिवार को जिले में तीन अनुशासनहीनता के ऐसे घटनाक्रम हुए, जो चर्चाओं में रहे।
वसूली का वीडियो वायरल सिपाहियों पर गिरी गाज
वाकया बृहस्पतिवार सुबह का है। आगरा रोड पर टोल से आगे पुलिस की जीप सड़क किनारे खड़ी है। सादे कपड़े पहने सिपाही पशुओं के आते-जाते ट्रकों से वसूली कर रहे हैं। यह वाकया किसी ने मोबाइल में वीडियो बनाकर कैद कर लिया और उसे वायरल कर दिया।
वायरल हुआ वीडियो मीडिया से होते हुए एसएसपी तक भी पहुंच गया। एसएसपी लव कुमार ने मीडिया को दिए बयान में कहा जांच के आदेश कर दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। देर रात एसएसपी ने जांच रिपोर्ट के आधार पर मडराक के सिपाही श्ात्रुघ्न कटारा और अनिल कुमार को निलंबित कर दिया।
सिपाही ने मुंशी पर तानी रायफल, निलंबित
यह वाकया बुधवार रात 10 बजे हरदुआगंज थाने का है। यहां तैनात सिपाही नीरज कुमार को मुंशी ने उसकी मोबाइल ड्यूटी बताते हुए जाने के लिए कहा। इस पर सिपाही नीरज बिफर गया। पहले जाने से इंकार किया। जब मुंशी ने ऐतराज जताया तो कहासुनी करते हुए सिपाही ने मुंशी पर रायफल तान दी। थाने में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बात थाना प्रभारी के जरिए एसएसपी तक पहुंची। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एसएसपी ने नीरज को निलंबित कर दिया है।
नशे में धुत सिपाही ने फालोअर-चौकी इंचार्ज को पीटा
मडराक थाने की आसना चौकी पर इलाके के गांव छंगारी का देवा प्राइवेट फालोअर है। आरोप है कि बृहस्पतिवार को चौकी में तैनात कांस्टेबिल पिंटू यादव शराब पी रहा था। उसने देवा पर भी शराब पीने का दबाव डाला। जब देवा ने मना किया तो उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीटते-पीटते उसे चौकी के बाहर तक ले आया। वहां खड़े चौकी इंचार्ज ने विरोध किया तो उनके साथ भी मारपीट कर दी। खबर मिलते ही थाना प्रभारी पहुंच गए। उन्होंने चौकी इंचार्ज व फॉलवर की डाक्टरी कराते हुए जानकारी अफसरों को दे दी है। थाना प्रभारी ने कांस्टेबिल के खिलाफ रिपोर्ट भी बना दी है।