महानगर के सूत मिल चौराहा स्थित आरटीओ दफ्तर में शाम पौने चार बजे अचानक सनसनी मच गई। यहां पहुंची हरदोई पुलिस ने एआरटीओ प्रशासन बी प्रसाद को हिरासत में ले लिया।
एआरटीओ प्रशासन का कक्ष दफ्तर में प्रवेश करते ही बिल्डिंग के निचले हिस्से में पहले ही कक्ष में है। पुलिस सीधे उनके कक्ष में प्रवेश कर गई। पुलिस एआरटीओ को साथ लेकर जाने लगी, तो तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
अधिकांश आरटीओ कर्मचारी और एजेंट समझ ही नहीं पाये कि आखिर क्या बात हुई है..? यह बात बाकी प्रशासनिक मशीनरी में भी कुछ ही देर में फैल गई। सोशल मीडिया में भी खबर वायरल हो गई।
इंस्पेक्टर बन्ना देवी जितेंद्र दीक्षित ने बताया कि हरदोई पुलिस फ्राड के एक पुराने मामले में एआरटीओ प्रशासन बी प्रसाद को तलाश कर रही थी। कार्रवाई आगे बढ़ने पर यहां पर छापा मारकर उनको गिरफ्तार कर लिया गया है।
फ्रॉड का प्रकरण उस वक्त का है, जब एआरटीओ प्रशासन बी. प्रसाद की तैनाती हरदोई जिले में थी। वहीं आरटीओ राधेश्याम का कहना है कि उनके पास पुलिस की कार्रवाई की जानकारी नहीं है। हां, वह दो दिन का अवकाश लेकर कार्यालय से गए हैं, इतना पता है।