थाना गांधी पार्क क्षेत्र में सफेद जहर यानी सिंथेटिक दूध बनाने की फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो टैंकरों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही सिंथेटिक दूध बनाने का सामान भी बरामद किया।
सोमवार की रात 11 बजे थाना गांधी पार्क पुलिस संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की तलाश में बौनेर तिराहे पर सब इंस्पेक्टर रामेंद्र सिंह के नेतृत्व में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि बौनेर तिराहे सेे 500 मीटर सासनी की तरफ एक अहाते में नकली मिश्रित दूध तैयार किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मय चौकी प्रभारी धनीपुर, सब इंस्पेक्टर जयप्रकाश यादव ने अहाते पर खुले किवाड़ से झांक कर देखा तो कुछ लोग वहां केमिकल, ग्लूकोज, यूरिया, कास्टिक सोडा और डिटर्जेंट पाउडर से मिलावटी दूध तैयार कर रहे थे।
मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया और सामान जब्त कर लिया गया। पुलिस ने मिल्कग्लूकोज, कास्टिक सोडा, डिटर्जेंट पाउडर, यूरिया, रिफाइंड व दूध बनाने के उपकरण व इलेक्ट्रॉनिक मशीन व दो टैंकर (जिनमें से एक में पानी व एक में सिंथेटिक दूध भरा था) बरामद किया है। छह नमूने भी भरे गए हैं। इनको परीक्षण के लिए भेज दिया गया है।
गिरफ्तार िकए गए लोगों में भगवती प्रसाद पुत्र स्व. रघुनाथ सिंह निवासी नगला ढक थाना विजयगढ़ जिला अलीगढ़, बॉबी सिंह पुत्र विजय पाल निवासी गांव तेहरा थाना गंगीरी जिला अलीगढ़ आैर बृजेश पुत्र विजय सिंह निवासी गोकुलपुर थाना सिकंदराराऊ जिला हाथरस आिद हैं।
आधे से ज्यादा शहर में सिंथेटिक दूध की आपूर्तिः करीब आधे से ज्यादा शहर में मिलावटी दूध की आपूर्ति हो रही है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि इसे खपाने के लिए एजेंटों की पूरी टीम है। घरों से लेकर चाय के होटलों तक सिंथेटिक दूध की जमकर खपत होती है। निम्न बस्तियों में सस्ते के चक्कर में खूब खरीदा जाता है। कुछ बड़ी कंपनियों को भी यह दूध सप्लाई किया जाता है। इसके अलावा शहर में कुछ दूध बेचने वाले भी सिंथेटिक दूध को खपा देते हैं। इसे खपाने के क्रम में कुछ सही दूध रखा जाता है। सिंथेटिक दूध खपाने के लिए वही लोग हैं जो सामान्य रूप से दूध बेचते हैं।