अलीगढ़। बैंड में नाचकर जीवन-यापन करने वाले महानगर के देहली गेट इलाके के युवक को अगवा कर किन्नर बना दिया गया। उसे कार सवार विजयगढ़ के किन्नर अगवा कर ले गए और चाय पिलाकर बेहोश करने के बाद उसका लिंग कटवा दिया। अब उसके शरीर में हार्मोनल बदलाव भी खुद को महसूस हो रहे हैं। सोमवार को इस संबंध में एसपीआरए से शिकायत के बाद देहली गेट पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
देहलीगेट क्षेत्र के अलहदादपुर नींवरी निवासी 25 वर्षीय नजर मोहम्मद बैंड बाजे में गा-बजाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। वह अकराबाद-विजयगढ़ इलाके के बैंड में कार्यरत था। आरोप है कि पंद्रह दिन पूर्व यानि 12 अप्रैल को वह काम से घर लौट रहा था। तभी नींवरी बाईपास से उसे तमंचे के बल पर कार में डालकर विजयगढ़ का शीला किन्नर अपने साथियों की मदद से अगवाकर विजयगढ़ ले गया। वहां उसे चाय पिलाई, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद उसे रविवार को होश आया।
बीच-बीच में जब भी होश आता तो उसे इंजेक्शन देकर फिर बेहोश कर दिया जाता। उस दौरान हल्की-फुल्की बातचीत में जरूर सुना कि उसे दिल्ली के किसी अस्पताल में लिंग कटवाकर ऑपरेशन के लिए रखा गया था। वहां से रविवार को जब अपने घर लौटा तो उसने पूरा वाकया अपने भाई को बताया। भाई की मदद से वह सोमवार को एक महिला अधिवक्ता के साथ शिकायत लेकर एसएसपी दफ्तर भी पहुंचा। जहां एसपीआरए ने मामले में सुनवाई करते हुए इलाका पुलिस को मेडिकल परीक्षण व जांच कार्रवाई के आदेश दिए। एसओ देहली गेट के अनुसार अपहरण व अंग-भंग का मुकदमा शीला आदि के खिलाफ दर्ज कर जांच शुरू करा दी गई है।
- -जबरन किन्नर बनाने का आरोप एक युवक ने लगाया है। इसके मेडिकल परीक्षण के आधार पर ही कुछ कहा जा सकेगा। इस तरह के प्रकरण में मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई संभव है।-डॉ.ब्रजेश सिंह एसपी देहात