क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
क्वार्सी इलाके के जीवनगढ़ क्षेत्र की एक महिला के साथ उसके पति के दोस्त ने ही दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपी घिनौनी हरकत करने के बाद पुलिस के पास न जाने की धमकी देकर मौके से अपने दोस्त के साथ फरार हो गया। पीड़ित महिला का आरोप है कि इस मामले में थाना क्वार्सी पुलिस से शिकायत की। मगर, पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं कर रही है। मंगलवार को महिला ने एसएसपी के पास पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई।
पीड़ित महिला ने बताया कि उसका पति दिल्ली में रहकर प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है।
पड़ोस का ही एक युवक पति का अच्छा दोस्त है। इसके चलते उसका घर आना जाना रहता है। पीड़िता के अनुसार 25 अप्रैल को वह घर पर बच्चों के साथ सो रही थी। इसी दौरान पति का दोस्त एक साथी के साथ घर पर आ गया। उसने अपने साथी को दरवाजे पर खड़ा कर दिया और खुद अंदर घुस आया। काम की बात करने के बहाने दूसरे कमरे में ले गया।
वहां दरवाजा बंद कर लिया और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे दिया। इस मामले मेें थाना पुलिस से शिकायत की है, लेकिन पुलिस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही है। इधर, आरोपी लगातार धमका रहा है। एसएसपी ने महिला को मामले की जांच करा आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।