क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के बन्ना देवी थाना क्षेत्र का रहने वाला दो बच्चियों का पिता मोहल्ले के शराबी से इतना परेशान है कि उसने अपनी नाबालिग बेटियों को स्कूल भेजने के स्थान पर घर में बैठा लिया है। इसके बाद भी जब शराबी का आतंक कम नहीं हुआ तो उसने एसएसपी से शराबी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बन्ना देवी थाना क्षेत्र के राजन सिंह पुत्र कुंवर पाल ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि उसकी पुत्री वर्षा व संध्या कक्षा चार व दो में पढ़ती हैं। वह उन्हें स्वयं रोजाना स्कूल छोड़ने के लिए जाता है। पिछले एक साल से आए दिन रास्ते में नीरज गौतम नामक शराबी उसे परेशान करता है और भद्दे-भद्दे कमेंट कसता है।
विरोध करने पर बेटियों समेत उसके ऊपर तेजाब फेंकने की धमकी देता है। आए दिन होने वाले इस घटनाक्रम से वह इतना भयभीत है कि उसने अपनी बेटियों का स्कूल जाना बंद करा दिया है।
इसकी शिकायत के लिए वह बार थाने गया, लेकिन पुलिस ने उसकी एक न सुनी और हर बार फटकारकर भगा दिया। पीड़ित ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोपी के खिलाफ कार्यवाही की मांग करते हुए परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।