न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
सादाबाद। नगर और क्षेत्र में चोर और लुटेरों के हौसले बुलंद हैं। शनिवार की रात चोरों ने नगर के मुख्य बाजार में बीआरसी के निकट स्थित एक दुकान की दीवार काटकर हजारों रुपये की नगदी और सामान पार कर दिया। कटी हुई दीवार को देखने के लिए भीड़ जुटी रही।
जानकारी के मुताबिक अजय अग्रवाल पुत्र गंगाशरण अग्रवाल की गांधी पार्क के सामने रेडीमेड की दुकान है। दुकान पर तस्वीर, बेल्ट, पर्स और कपड़े आदि सामान बिकता है। शनिवार की रात चोरों ने दुकान की पीछे की दीवार को काट लिया और उसमें प्रवेश कर गए।
अजय ने बताया कि चोर दुकान में रखे गल्ले से 20 हजार रुपये और पांच से छह हजार रुपये का अन्य सामान चोरी कर ले गए। यहां पहले भी आसपास की दुकानों से चोर चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं।