बृहस्पतिवार की सुबह करीब छह बजे राजा चौ. महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो में टक्कर मार दी। इससे टेंपो सवार एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि चार मजदूर घायल हो गए। यह सभी प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए वाटरप्रूफ पंडाल के निर्माण में काम करने जा रहे थे।
जिला सीतापुुर के थाना तंबोर के डबाका गोविंदपुर निवासी 25 वर्षीय रामू पुत्र कुंजलाल, लालबहादुर पुत्र गयाप्रसाद, कमलेश पुत्र मुन्नालाल व प्रकाश पुत्र बीपी सिंह प्रधानमंत्री के जनसभा स्थल के लिए वाटरप्रूफ पंडाल तैयार करने के काम के लिए आए थे। उन्हें ठेकेदार की ओर से बुलाया गया था।
अलीगढ़ शहर के रोडवेज बस स्टैंड से शाहजमाल निवासी इकबाल के टेंपो में बैठकर राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय जा रहे थे। विश्वविद्यालय के पास ही बालू लेकर खैर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो में टक्कर मार दी। इससे रामू की मौके पर मौत हो गई। अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मलखान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।