डॉ. आनंद उपाध्याय ने सीएमओ का पदभार ग्रहण कर लिया है। पद भार ग्रहण करने के बाद सीएमओ ने कहा कि डॉक्टर एवं कर्मचारियों के सहयोग से वह जनपद को टॉप टेन में शामिल कराने का प्रयास करेंगे।
जिला चिकित्सालय, आगरा के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. आनंद उपाध्याय को बृहस्पतिवार को अलीगढ़ का सीएमओ नियुक्त किया गया था। शुक्रवार को करीब दो बजे वह सीएमओ कार्यालय पहुंचे और सीएमओ डॉ. बीपी सिंह कल्याणी से पदभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि वह पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से कार्य करेंगे। चिकित्सक साथियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से स्वास्थ्य सेवाओं को जनता तक पहुंचाने की कोशिश करेंगे। शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने का प्रयास करेंगे और जनपद को टॉप टेन में शामिल कराने की कोशिश करेंगे।
डॉ. आनंद ने कहा कि आगरा में सेवा के दौरान अंधता निवारण के क्षेत्र में विशेष काम किया। प्रदेश में द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे। उन्होंने कहा कि संभावित तीसरी लहर को देखते हुए जनता का सहयोग जरूरी है। सभी से निवेदन है कि मास्क एवं दूरी का ख्याल रखें। टीकाकरण अवश्य कराएं। इससे पूर्व सीएमओ डॉ. बीपी सिंह कल्याणी ने नए सीएमओ का गेट पर स्वागत किया। एसीएमओ डॉ. दुर्गेश कुमार, डॉ. एसपी सिंह, डॉ. अनुपम भास्कर आदि ने फूल भेंट कर नए सीएमओ का स्वागत किया। यूपी मेडिकल एंड पब्लिक हेल्थ मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप चौहान, गजेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार सिंह सहित अन्य कर्मचारियों ने नए सीएमओ को माला पहनाकर स्वागत किया।