वहीं डीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की दो टीमें व सिटी मजिस्ट्रेट पोस्टमार्टम केंद्र पर पोस्टमार्टम कराए जाने की व्यवस्थाओं में जुटे रहे। इसके साथ सुबह से ही अस्पतालों से शवों के पोस्टमार्टम केंद्र पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था।
वहीं जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और क्वार्सी के ट्रामा सेंटर में करीब डेढ़ दर्जन लोगों का इलाज जारी था। एसएसपी कलानिधि नैथानी के अनुसार इस मामले में अब तक 6 लोगों को जेल भेजा जा चुका है, जबकि बाकी इनामियों व शराब तस्कर रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छह टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने दोपहर दो बजे तक 22 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
अब मौतों के आंकड़े दबाने में जुटा प्रशासन
जहरीली शराब बेशक देहात के पांच क्षेत्रों में हाहाकार मचा रही है। लगातार लोगों की मौत हो रही हैं। मगर प्रशासन अब इस मामले में मौतों के आंकड़े दबाने का प्रयास कर रहा है। आलम यह है कि 22 शवों के शुक्रवार रात 2 बजे तक पोस्टमार्टम हो चुके थे।
छह शव रात में ही पोस्टमार्टम केंद्र पर पोस्टमार्टम के लिए रखे थे। इसके बाद सुबह से शव पहुंचने लगे। मगर जिलाधिकारी स्तर से दोपहर 2 बजे यह बयान जारी किया गया कि अब तक 22 मौत ही हुई हैं, जबकि उस समय तक 36 शव पोस्टमार्टम केंद्र पर पहुंच चुके थे।
उस समय खुद भाजपा सांसद सतीश गौतम ने पोस्टमार्टम केंद्र पहुंचकर 35 मौतें होने का बयान जारी किया था। मगर जिला प्रशासन के स्तर से दोपहर 2 बजे के बाद मौतों के आंकड़ों को लेकर कोई अधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।