पुलिस की गिरफ्त में हत्यारोपी।
- फोटो : IGLASS
कोतवाली क्षेत्र के गांव करथला निवासी युवक की हत्या गला घोंटकर प्रेम प्रसंग के चलते की गई थी। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि 11 अक्तूबर को करथला निवासी युवक ईशू का शव जंगल में शीशम के पेड़ पर लटका मिला था।
मृतक के पिता रघुराज सिंह ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बृहस्पतिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गोंडा रोड पर शिव कोल्ड स्टोर के समीप बाहर जाने की फिराक में खड़े हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान बताया कि ईशू के साथ उनके परिवार की युवती के प्रेम संबंध थे। उन्होंने दोनों को समझाया था। युवती ने नौ अक्तूबर को कीटनाशक दवा खाकर आत्महत्या कर ली थी। आरोपियों ने ईशू को मौत के लिए जिम्मेदार मानते हुए जंगल में बिजली के तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी। शव को पेड़ पर लटका दिया था। गिरफ्तार आरोपियों में भूपेन्द्र, राजकुमार उर्फ राजू, रामकिशन उर्फ भोला निवासी करथला व लखपति निवासी जरारा थाना खैर शामिल हैं।