थाना देहली गेट के मोहल्ला नगला मसानी में सोमवार को एक महिला ने फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। मायके वाले ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
जिला कासगंज की रहने वाली 29 वर्षीय वीरवती की शादी डेढ़ साल पहले नगला मसानी के रहने वाले विनय के साथ हुई थी। सोमवार को उसका पति दुकान पर गया था। घर के अन्य परिवार वाले पड़ोसी के यहां गए हुए थे। इस बीच देर शाम वीरवती ने खुद को कमरे में बंद कर फांसी लगा ली। काफी देर तक जब परिवार वालों ने वीरवती को नहीं देखा तो उन्होंने कमरे में झांककर देखा तो उसका शव लटक रहा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मायके वालों को भी बुलाया गया। मायके वालों ने वीरवती को दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति विनय, सास, मौसी व मौसा के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि पोस्टमार्टम में मौत का कारण हैंगिंग बताया जा रहा है ।