उड़ान योजना के तहत बरेली मेें हवाई सफर की शुरूआत हो चुकी है। मगर, अलीगढ़वासी अभी तक एयरपोर्ट का काम पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, राजकीय निर्माण निगम की ओर से लगभग 95 फीसदी तक काम पूरा होने का दावा किया जा रहा है। टर्मिनल बिल्डिंग में फॉल सीलिंग, पार्किंग को अंतिम रुप देने और एटीसी टावर के एक माले का निर्माण कार्य अंतिम दौर में है। राजकीय निर्माण निगम अगले माह काम समाप्त करने की बात कह रहा है।
राजकीय निर्माण निगम का काम पूरा होने के साथ-साथ मिनी एयरपोर्ट पर सुरक्षा संबंधी उपकरण स्थापित किए जाने हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को एक करोड़ रुपया मिला है। इससे एयरपोर्ट की सुरक्षा के संबंध में सीसीटीवी कैमरे, बूम बैरियर, चेक पोस्ट, प्रवेश द्वार पर सामान की जांच को एक्सरे मशीन, जनता की जांच के लिए डिटेक्टर मशीन व अन्य उपकरणों को स्थापित किया जाएगा। साथ ही उप निदेशक विद्युत सुरक्षा उप्र शासन राहुल यादव ने पिछले दिनों धनीपुर एयरपोर्ट का निर्माण कर रहे राजकीय निर्माण निगम को बिजली फिटिंग संबंधी पत्र जारी किया था। इसकी भी मंजूरी मिल गई है।
छह घंटे की दूरी 60 मिनट में होगी पूरी
अलीगढ़ के धनीपुर मिनी एयरपोर्ट से मुरादाबाद, लखनऊ व कानपुर तक के लिए उड़ान का प्रस्ताव है। पहले चरण में लखनऊ तक के सफर के लिए मंजूरी मिल चुकी है। एयरपोर्ट से हर रोज 20 सीट का जहाज उड़ान भरेगा। बताया जा रहा है कि लखनऊ तक का किराया करीब 2500 रुपया होगा। छह घंटे की दूरी महज 60 मिनट में पूरी हो जाएगी। लखनऊ के बाद अलीगढ़ से प्रदेश के कुछ अन्य शहरों के लिए हवाई यात्रा की सुविधा शुरू की जाएगी।
इसीलिए हुई लेटलतीफी
धनीपुर मिनी एयरपोर्ट के निर्माण कार्य के लिए 16.44 करोड़ रुपये से कम का टेंडर हुआ था। उस समय तैयार किए गए प्रोजेक्ट में बाद में अन्य कार्यों को भी शामिल किया गया। इधर, राजकीय निर्माण निगम ने लो लैंड के चलते हवाई पट्टी के नीचे डेढ़ करोड़ रुपये से लाल बालू भरवा दी गई। साथ ही चार किलोमीटर की बाउड्रीवाल में से दो किलोमीटर की जिस बाउंड्रीवाल का मरम्मत कराई गई, वह ढह गई थी। इन कार्यों में पैसा खर्च होने के बाद राजकीय निर्माण निगम ने अतिरिक्त बजट की मांग की थी। कई महीनों तक फजीहत हुई। इसके बाद शासन स्तर से डीएम, राजकीय निर्माण निगम के दिल्ली जोन के जीएम व एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी को शामिल कर तीन सदस्यीय कमेटी बनाई। राजकीय निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर हरिओम शर्मा ने बताया कि 7.37 करोड़ का संशोधित बजट मिलने के बाद टर्मिनल में फॉल सिलिंग, पंप हाउस, मीटर रूम, वीसीवी रूम, ऑपरेशनल बाउंड्री, 55 कारों की पार्किंग के कार्य को पूरा कर दिया गया है। पांच फीसदी काम बाकी है। अप्रैल में इसे हैंडओवर कर देंगे।