अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर ज्ञापने सौंपते लोग।
- फोटो : CITY OFFICE
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़े वर्ग के छात्रों को आरक्षण देने की मांग हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति से की है। मंच के नेताओं का कहना है अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़े वर्ग के छात्रों को उनका हक नहीं मिला तो वे लोग आंदोलन करेंगे।
हिंदू जागरण मंच के नेता सोमवार को जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भेजा। मंच के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि देश के तमाम विश्वविद्यालय संविधान के निर्देशों का पालन करते हुए अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ों को आरक्षण देते हैं। लेकिन एससी, एसटी एवं पिछड़े वर्ग के छात्रों को एएमयू में उनका अधिकार नहीं मिल रहा है। जिला महामंत्री आदित्य मुखरैया ने कहा कि एएमयू भारत सरकार के पैसे से चलता है और भारत सरकार के कानून को ही नहीं मानता है। ऐसे में भारत सरकार को एएमयू को दिए जाने वाले सभी प्रकार के अनुदानों को तत्काल प्रभाव से रोक देना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि चंद रोज पहले मानसूत्र सत्र में सांसद सतीश गौतम ने भी एएमयू में एससी, एसटी एवं पिछड़े वर्ग के छात्रों को आरक्षण नहीं मिलने का मामला उठाया था। मंच के प्रांतीय सह प्रमुख भूमि संरक्षण अमित राजा ने कहा कि आरक्षण नहीं मिलता है तो आंदोलन करने को बाध्य होंगे। जिला उपाध्यक्ष प्रशांत उपाध्याय, अर्जुन कुमार, राजेश कुमार,सन्नी कुमार, विष्णु कुमार आदि उपस्थित थे।