न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की परीक्षा अलीगढ़, कासगंज, हाथरस, फिरोजाबाद, इटावा में सात परीक्षा केंद्रों पर होगी। परीक्षाएं 9 सितंबर तक होंगी।
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र अलीगढ़ के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. मलिक राशिद फैसल ने बताया कि परीक्षा दो पाली में होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक होगी। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ में एएमयू, जिला कारागार, इटावा में जनता कॉलेज बकेवर, शिकोहाबाद में एके कॉलेज, हाथरस में पीसी बागला कॉलेज, कासगंज में केए पीजी कॉलेज व फिरोजाबाद में जिला कारागार को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
परीक्षार्थी इग्नू की वेबसाइट से हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी के पास विश्वविद्यालय का परिचय पत्र या कोई अन्य वैध पहचान पत्र, इग्नू का हॉल टिकट होना अनिवार्य है। परीक्षा में स्नातकोत्तर, स्नातक के अंतिम वर्ष के छात्रों के साथ पीजी डिप्लोमा, डिप्लोमा व सर्टिफिकेट कोर्स के परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए हॉल टिकट क्षेत्रीय केंद्र अलीगढ़ अलग से जारी करेगा। इसके लिए परीक्षार्थी सितंबर के अंतिम सप्ताह में क्षेत्रीय केंद्र अलीगढ़ से संपर्क कर सकते हैं। ब्यूरो