अगर, आपके वाहन में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं है और आपके वाहन संबंधी काम की आरटीओ की ओर से ऑनलाइन आवेदन के तहत तारीख नियत कर दी है। तो घबराने की जरूरत नहीं है। तत्काल हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के लिए ऑनलाइन आवेदन कराके फटाफट अपना काम करा सकते हैं।
हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट न लगे वाहनों के कामकाज पर प्रदेश सरकार की ओर से रोक लगाने के बाद परिवहन विभाग के अधिकारियों ने यह फार्मूला तलाश लिया है। इससे न तो वाहन स्वामी को परेशानी हो रही है और न ही अधिकारी-कर्मचारियों को झंझट में फंसना पड़ रहा है।
अलीगढ़ संभाग के आरटीओ प्रशासन केडी सिंह ने बताया कि शासन की मंशा सभी वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने की है न कि किसी को परेशान करने की। एक दिसंबर के बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगे वाहनों के आरटीओ संबंधी कामकाज पर रोक लगने के बाद लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसे में जिन वाहनों में यह प्लेट नहीं लगी और उनका रिन्यूल, रजिस्ट्रेशन, परमिट, ट्रांसफर, फिटनेस आदि काम के लिए विभाग ने ऑनलाइन आवेदन के आधार पर एक दिसंबर के बाद ही तारीख नियत कर दी है। ऐसे वाहनों के स्वामियों से बाबू व अधिकारी तत्काल हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के लिए ऑनलाइन आवेदन करवा रहे हैं। आवेदन की फीस जमा होने के बाद एक पर्ची जारी होती है, जिसके आधार पर विभाग में वाहन संबंधी काम को पूरा कर दिया जा रहा है।