जिला कारागार में संचालित कैंटीन में अधिक वसूली और ‘होटल’ की तर्ज पर खाने पीने का कुछ भी खरीदो का मुद्दा प्रदेश सरकार की आश्वासन समिति में उठा है। बरौली क्षेत्र के भाजपा विधायक ठा.दलवीर सिंह ने जेलर की निगरानी में यह कैंटीन संचालित होने और इसकी आड़ में कमजोर वर्ग के बंदियों का शोषण किए जाने की शिकायत की है। इस पर आश्वासन समिति के अध्यक्ष मथुरा के मांट विधायक श्याम सुंदर शर्मा ने डीजी जेल को जांच के निर्देश दिए हैं। साथ में अंदेशा व्यक्त किया है कि ऐसा प्रदेश की अन्य जेलों में हो सकता है।
पिछले कुछ समय से जेलरों की देखरेख में जेलों में कैंटीन का संचालन शुरू हुआ था। बंदी कल्याण कोष के तहत बंदियों को सुविधा देने के लिए इसको चालू कराया गया। उस समय तय हुआ था कि ऐसी कैंटीन में न्यूनतम दर या बाजार से दस फीसदी का अतिरिक्त चार्ज लेकर बंदियों को प्रतिबंधित उत्पाद छोड़कर उनकी दैनिक जरूरतों या नमकीन बिस्कुट जैसे खाने-पीने का सामान दिया जाएगा। मगर विधायक ठा.दलवीर सिंह ने 22 जुलाई को लखनऊ में हुई आश्वासन समिति की बैठक में अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा, प्रमुख सचिव गृह व डीजीपी के समक्ष शिकायत रखी कि अलीगढ़ जेल में वर्तमान में 10 की जगह 50 फीसदी तक अधिक दाम वसूले जा रहे हैं। उन्होंने सीधे कहा कि जेलर की निगरानी में यह सब हो रहा है। पहले से मशक्कत के नाम पर कमजोर वर्ग के बंदी से रुपये लिए जाते हैं। ऐसे में यह उस पर आर्थिक बोझ रहता है। इसके बाद कैंटीन में इस तरह की अवैध वसूली से बंदी और परेशान रहते हैं। दूसरी बात कैंटीन में होटल की तर्ज पर सब्जियां व अन्य खाने पीने की वस्तुएं बनाकर उन्हें बेचने का प्रावधान समझ से परे है। यह सब निजी आय के इरादे से हो रहा है। विधायक ने पूरा प्रकरण विस्तार से बता कर इस मामले की गहन जांच कराने और दोषियों के विरु द्ध कड़ी कार्रवाई करने को कहा है। ठा.दलवीर सिंह के अनुसार विधानसभा की आश्वासन समिति के अध्यक्ष ने डीजी जेल से इस संबंध में जांच करने का निर्देश दिया है। संभावना है कि यूपी की कई जेलों में अंदरखाने ये खेल हो रहा हो।
समिति के समक्ष मौजूद थे जेल अधीक्षक
विधानसभा की आश्वासन समिति के समक्ष जिस वक्त विधायक दलवीर सिंह मौजूद थे। उस समय हाथरस जेल निर्माण के संबंध में तलब किए जाने के कारण अलीगढ़ कारागार के अधीक्षक भी वहां मौजूद थे।
-कोरोना काल में जेल में मुलाकातें बंद होने के कारण बंदियों को हर वस्तु कैंटीन से ही खरीदनी पड़ी है। कपड़ों के अलावा अन्य जरूरी व दैनिक प्रयोग का सामान अंदर नहीं जा पाया है। इसकी आड़ में जेलर की निगरानी में जेल में यह अव्यवस्था फैली। इसकी शिकायत हम तक आई तो विधानसभा की आश्वासन समिति में विषय रखा गया है। समिति अध्यक्ष के निर्देश पर इसकी जांच के लिए शासन से कोई अधिकारी यहां आएंगे। जांच अधिकारी के आने पर साक्ष्य के साथ बिंदुवार शिकायत उनके समक्ष भी रखी जाएगी।
- ठा.दलवीर सिंह विधायक, भाजपा बरौली क्षेत्र
ये है कैंटीन का नियम -
-प्रतिबंधित वस्तुओं को छोड़कर सिर्फ दैनिक प्रयोग की वस्तुएं ही बेच सकते हैं।
- न्यूनतम दर या 10 फीसदी अतिरिक्त रकम वसूली जा सकती है इस कैंटीन में।
- बंदी कल्याण कोष के तहत ही संचालित की जाती है कारागारों में यह कैंटीन।
ये हुई अलीगढ़ की शिकायत --
-15 रुपये प्रति नग बिकता है यहां समोसा
-20 रुपये प्रति चमचा बिकती हैं सब्जियां
-डोसा, चाऊमीन, रसगुल्ला, अंडाकरी भी
-होटल की तरह कुछ भी खाने पीने का लो