ज्ञान सरोवर मे हुई लूट के बाद नीरज कुमार के घर पर जुटे लोग घटना के बारे में पूछते ।
- फोटो : CITY OFFICE
क्वार्सी क्षेत्र की मानसरोवर कॉलोनी में सोमवार दोपहर लुटेरों ने एक और लूट की घटना को अंजाम दिया है। लुटेरों ने कॉलोनी से बैंक जा रहे मोबाइल नेटवर्क सेवा प्रदाता कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर से हथियारों के बल पर 1.68 लाख रुपये लूट लिए। क्वार्सी क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूट की इस वारदात पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जांच पड़ताल के बाद सीसीटीवी में बदमाशों की बाइक कैद पाई गई है, जिसकी मदद से बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
मानसरोवर कॉलोनी के नीरज सैनी जियो कंपनी के जिला डिस्ट्रीब्यूटर हैं। वे दोपहर करीब 12 बजे घर से स्कूटी पर रुपयों भरा बैग लेकर बैंक जा रहे थे। उन्हें रकम बैंक में जमा करनी थी। वे घर से कुछ दूरी पर तिकौना पार्क के पास पहुंचे, तभी वहां पहले से खड़े दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और पिस्टल दिखाकर बैग छीन लिया। इस दौरान नीरज ने शोर मचाने का प्रयास किया तो बदमाश पिस्टल से नीरज को धमकाते हुए भाग गए। शोरशराबे पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। खबर पर एसपी सिटी, सीओ तृतीय, इंस्पेक्टर क्वार्सी आदि पहुंच गए।
नीरज ने पुलिस को बताया कि बैग में 1.68 रुपये रखे थे। लूट के बाद बाइक पर भागते बदमाशों का नीरज व अन्य लोगों ने पीछा भी किया। मगर वे पकड़ में नहीं आ सके। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की अपाचे बाइक कैद हुई है। उसकी मदद से पुलिस बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। सीओ तृतीय श्वेताभ पांडेय के अनुसार घटना के संबंध में बदमाशों को पकड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। सीसीटीवी ही इसमें मददगार साबित होगा। बता दें कि इसी थाना क्षेत्र में महावीर पार्क के पास तीन दिन पहले महिला शिक्षिका को लूट की कोशिश में गोली मारी गई थी।