फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अचानक रायबरेली पहुंचे अखिलेश नाराज, अफसरों पर गिरी गाज

Thu, 08 Aug 2013 12:02 AM IST
रायबरेली/लखनऊ/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को बिना किसी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के लगभग 10 बजे अचानक रायबरेली के लोहिया समग्र गांव रैन पहुंच गए।
विज्ञापन


जमीनी हकीकत समझने के इरादे से गांव पहुंचे सीएम ने राशन वितरण से लेकर लोहिया आवास की हालत का मुआयना किया।

वहां कोटे की दुकान पर गेहूं की बोरियों की तौल कराई। परिषदीय स्कूल का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने वहां मिड-डे-मील में बने कढ़ी-चावल की गुणवत्ता परखने के लिए खुद उसे चखा। गांव की सड़कें और हैंडपंपों की हालत देख मुख्यमंत्री बेहद नाराज हुए।

गांव की हालत देख लखनऊ लौटे सीएम ने रायबरेली के बेसिक शिक्षा अधिकारी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह भदौरिया का तबादला कर दिया जबकि जिला पूर्ति अधिकारी विद्या सागर अहिरवार और आपूर्ति निरीक्षक सुशील चंद्र वाजपेयी को निलंबित करने का आदेश दिए।
विज्ञापन


लोहिया गांव के लोगों ने सीएम से शिकायत की कि कोटेदार राशन नहीं बांटता है। उन्होंने खाद्य एवं रसद मंत्री राजेंद्र चौधरी को कोटे की दुकान को चेक करने के लिए भेजा। गेहूं की बोरी को चेक कराया गया तो उसमें गेहूं कम मिला।

सीएम ने प्रधान आरबी यादव को कोटे की व्यवस्था सुधरवाने के आदेश दिए। स्कूल में एक ही टीचर के सहारे चल रही पढ़ाई और किताबें न मिलने की भी पोल खुल गई। उन्होंने डीएम को व्यवस्था देखने कहा।

रैन से राजामऊ गांव तक गड्ढों की ताजा पैचिंग देखकर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को फटकार लगाई। पावर कारपोरेशन के अफसरों को भी उन्होंने बिजली आपूर्ति में लापरवाही न बरतने की नसीहत दी।

एक तरफ सीएम गांव का दौरा कर रहे थे तो दूसरी ओर उनके निर्देश पर स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन ने भी जिला अस्पताल में छापा मारकर स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जाना। हसन ने मरीजों से पूछा कि डॉक्टर बाहर की दवा तो नहीं लिख रहे हैं। कुछ ने हां तो कुछ ने ना में जवाब दिया।  

सीएम ने लगाई चौपाल
सीएम ने पंचायत भवन में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की शिकायतें भी सुनीं। गांव के लोगों ने बिजली, पानी, पेंशन, आवास सहित अन्य तमाम समस्याओं को सीएम के सामने रखा।

मुख्यमंत्री ने सबकी समस्याओं को सुनने के बाद कहा कि बजट के अभाव में लोहिया गांवों में सीसी रोड के लिए पूरा धन नहीं मिल पा रहा है।

हालांकि उन्होंने कलुई खेड़ा से रैन गांव तक की 10 किलोमीटर सड़क निर्माण और बछरांवा को नगरपालिका बनाने का आश्वासन दिया।

सीएम ने लोहिया आवासों की लागत को भी बढ़ाने पर विचार किए जाने की बात कही। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से गांव में अस्पताल और डिग्री कॉलेज खुलवाने की मांग की। आश्वासन देते हुए सीएम ने कहा कि जल्द ही समस्याओं को दूर किया जाएगा।

अरे मैं तो अपने ही गांव में आ गया...
रैन गांव के प्रधान व सपा से बछरावां विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष राम बहादुर यादव से स्थानीय विधायक रामलाल अकेला ने परिचय कराया तो मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बोले अरे! मैं तो अपने ही गांव आ गया हूं। यहां तो ज्यादा देखने की जरूरत ही नहीं है।
विज्ञापन


शायद यही कारण रहा कि तमाम कमियां मिलने के बाद भी सीएम ने किसी के खिलाफ कार्रवाई का आदेश नहीं दिया।

मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार जिले आए अखिलेश यादव ने स्थानीय मीडिया से पूरी तरह से दूरी बनाए रखी। सीएम ने मीडिया से कहा कि यह गोपनीय दौरा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें