पिनाहट क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरैंडा के उप गांव टीकैतपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में एक युवक की पड़ोसी गांव के व्यक्ति ने ईंट से प्रहार करके हत्या कर दी।
शिक्षक पर हत्या के लिए उकसाने का आरोप है। हमलावर युवक और शिक्षक के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। वहीं घटना के बाद से तनाव के मद्देनजर गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है।
गांव मैदीपुरा निवासी महिला रूपो देवी पत्नी देवी सिंह प्राथमिक विद्यालय में रसोइया है। आरोप है कि यहां तैनात शिक्षक रघुवीर सिंह हर महीने उसके मानदेय से 250 रुपये काट लेते हैं। पूछने पर बहाना बना देते हैं।
मंगलवार को रसोइया गांव के ही राहुल (22) पुत्र रामनजर उपाध्याय को हिसाब करने के लिए स्कूल बुलाकर ले गई थी। राहुल ने शिक्षक से इस बावत बात की। इस पर शिक्षक और राहुल में कहासुनी हो गई।
आरोप है कि तभी शिक्षक ने पड़ोस के गांव नाद का पुरा निवासी सतेंद्र पुत्र उम्मेद सिंह को बुला लिया। सतेंद्र आते ही राहुल से भिड़ गया। दोनों में मारपीट हो गई।
इसी बीच सतेंद्र ने राहुल को जमीन पर पटक दिया और विद्यालय की चहरदीवारी की टूटी पड़ी ईंट से उसके सिर पर प्रहार करने लगा। जिससे राहुल लहूलुहान हो गया।
राहुल की हालत गंभीर देख शिक्षक और सतेंद्र दोनों भाग निकले। सूचना पर ग्रामीण जुट गए। पुलिस घायल को उठाकर सीएचसी पिनाहट ले गई। जहां से उसे आगरा रेफर कर दिया गया। लेकिन, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से गांव में तनाव फैल गया। जिससे सर्किल के सभी थानों की फोर्स बुला ली गई थी। पुलिस ने हमलावर की गिरफ्तार की दबिश भी दी। लेकिन, घर पर ताला लगा था।
मृतक के पिता रामनजर ने शिक्षक रघुवीर और हमलावर सतेंद्र के खिलाफ थाना मंसुखपुरा मे तहरीर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि रिपोर्ट लिखकर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।