ठंड़ी सड़क पर जा रहे युवक पर आवारा सांड ने हमला बोल दिया। उसके पेट में सींग घुसा दिए, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने युवक को सांड से बचाया। घायलवस्था में युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एटा के खेतों और सड़कों पर गोवंशों की बढ़ती संख्या लोगों के लिए आतंक बन रही है। शुक्रवार को शहर के मध्य ठंडी सड़क पर पैदल जा रहे युवक पर सांड ने अचानक हमला कर दिया। युवक जब तक संभल पाता, उसके पेट में सींग घुस गया। चीखपुकार मचने पर आसपास के लोगों ने युवक को सांड से बचाया और मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
विज्ञापन
यहां का है मामला
कोतवाली नगर क्षेत्र ठंडी सड़क स्थित सैय्यद वाली गली के पास शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे सांड ने इंस्पेक्टर सिंह (25) निवासी बमनई थाना पिलुआ पर हमला कर दिया। इस हमले में युवक के पेट में सांड का बाईं ओर का सींग घुस गया और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। खून अधिक बहने पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। युवक ने बताया कि वह बैल्डिंग का कार्य करता है। दोपहर में कार्य करने के लिए ही पैदल जा रहा था। चिकित्सकों ने युवक के पेट में टांके लगाकर उपचार शुरू कर दिया है।
केस-1
थाना निधौलीकलां क्षेत्र के गांव बाकलपुर निवासी हृदेश कुमार के ऊपर 4 नवंबर को खेत पर गोवंश ने हमला कर दिया था। परिजन जब पहुंचे तो तब तक दम तोड़ दिया था। बाद में परिजन ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
केस-2
थाना निधौलीकलां क्षेत्र के ही गांव रमंडपुर निवासी बिजेंद्र सिंह को गोवंशों ने खेत पर दौड़ा लिया था। युवक अपनी जान बचाकर भागा, लेकिन गिर गया। इसकी वजह से युवक की 14 नवंबर की दोपहर में ही खेत पर ही मौत हो गई।
ये बोले सीवीओ
सीवीओ डॉ. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि निराश्रित गोवंशों को पकड़ने के लिए रणनीति तय हो चुकी है। छह विभागों को मिलकर अभियान चलाकर गोवंशों को पकड़ना है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में गोवंश घूम रहे हैं, इनको जल्द पकड़वाया जाएगा।