फिरोजाबाद में गुरुवार देर रात विजय टॉकीज के सामने युवक की लोहे की रॉड मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। इनमें तीन आरोपियों को पुलिस ने देर रात ही गिरफ्तार कर लिाया। जबकि हत्याकांड में नामजद किए गए चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं। इनकी गिरफ्तारी को पुलिस प्रयास कर रही है।
दक्षिण कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती पीपल वाली गली निवासी सलीम की विजय टॉकीज के सामने स्थित कब्रिस्तान के बाहर गन्ने की जूस की दुकान है। गुरुवार रात विजय टाकीज के सामने रहने वाला जब्बार पुत्र सत्तार अली जूस पीने के लिए गया था। तभी उसका वहां बैठे सलीम के पुत्र और भाइयों से रुपये को लेकर विवाद हो गया।
आसपास मौजूद दुकानदार इस विवाद को शांत कराते तब तक आरोपियों ने जब्बार पर लोहे की रॉड और बर्फ तोड़ने वाले सूजे से हमला कर दिया। इससे जब्बार गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जब्बार के परिवारीजन मौके पर पहुंच गए। इस बीच आरोपी मौके से भाग गए। घायल जब्बार को जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने के बाद एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्र, सीओ सिटी हरिमोहन और कोतवाल दक्षिण सुशांत गौर, कोतवाल उत्तर अनूप कुमार भारतीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने देर रात ही दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मां-बाप की मौत के बाद बहन के पास रहता था जब्बार
जब्बार मूलरुप से नई दिल्ली संगम विहार गली नंबर 19 का रहने वाला था। माता-पिता की मौत के बाद वह अपने बहनोई सोनू उर्फ सोना के पास विजय टॉकीज के सामने रहता था। वह शादी समारोह में तंदूर पर काम करता था। जब्बार की मौत के बाद उसके परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा
कोतवाल थाना दक्षिण सुशांत गौर ने बताया कि जब्बार की हत्या के मामले में पीड़ित परिजन की तहरीर पर सलीम, जुबैर, नदीम, दानेश, फैसल, राहत और बल्ली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फैसल, सलीम और राहत को गिरफ्तार कर लिया गया। फरार चल रहे अन्य चार आरोपियों की गिरफ्तारी को प्रयास किए जा रहे हैं।