कुसमरा। चौकी क्षेत्र के गांव बुढौली निवासी एक युवक सोमवार को अचानक घर आ गया। उसने बताया कि पत्नी व साले ने उसे बंधक बनाकर रखा था। घर आए युवक की गुमशुदगी नोएडा के भंगेल थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने युवक से पूछताछ कर जानकारी ली।
थाना किशनी की कुसमरा चौकी क्षेत्र के गांव बुढ़ौली निवासी योगेश कुमार दो माह पूर्व पत्नी व साले निवासी हिंगा कुदरकोट औरेया के साथ दिल्ली नौकरी की तलाश में गया था। 15-20 दिन तक तो परिजनों से बात होती रही। इसके बाद अचानक फोन बंद आने लगा। कई दिनों तक संपर्क न होने पर परिजन ने 22 जुलाई को नोएडा के भंगेल थाने में योगेश की गुमशुदगी दर्ज करा दी। इसके बाद पत्नी की ओर से ससुरालीजनों पर दहेज की मांग करने का आरोप लगाया गया था। पुलिस जांच कर रही थी, इस बीच 30 अगस्त को योगेश घर आ गया। उसने बताया कि पत्नी व साले उसे परेशान कर रहे थे, उसे बंधक बनाकर रखा था। एक सप्ताह पूर्व उसे घायल अवस्था में फतेहपुर सीकरी के एक अनाथालय में छोड़ गए थे। पीड़ित द्वारा चौकी पर तहरीर दी गई।