मैनपुरी। ग्राम पंचायतों में होने वाली पंचायत सहायकों की भर्ती के लिए 17 अगस्त तक ही आवेदन किए जा सकेंगे। जिला पंचायत राज अधिकारी ने सभी आवेदकों को जल्द से जल्द आवेदन जमा करने के लिए कहा है। उन्होंने आरक्षण को लेकर चल रहे संशय को भी दूर करने के लिए सूचना जारी की है।
जिले की 552 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक/कंप्यूटर ऑपरेटर की भर्ती की जानी है। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम जारी कर दिया गया था। कार्यक्रम के तहत दो अगस्त से 17 अगस्त तक आवेदन किए जाने का समय निर्धारित था। इसी के अनुसार जिला पंचायत राज अधिकारी स्वामीदीन ने सभी आवेदकों से नियत तिथि तक आवेदन जमा करने के लिए कहा है।
जो ग्राम पंचायत जिस वर्ग के लिए आरक्षित है उस वर्ग के ही लोग आवेदन कर सकते हैं। जो ग्राम पंचायत पंचायत चुनाव में अनारक्षित थीं उन ग्राम पंचायतों में आवेदन को लेकर लोग जानकारी करने आ रहे हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी स्वामीदीन ने बताया कि अनारक्षित ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक के पद के लिए किसी भी वर्ग के महिला या पुरुष आवेदन कर सकते हैं। संवाद