देशी शराब के ठेके पर महिलाओं ने जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान ठेके के कर्मचारियों की महिलाओं के सामने एक न चली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। तब जाकर मामला शांत हो सका।
आगरा में एत्मादपुर पालिका कार्यालय के बराबर से देशी शराब का ठेका खुलने के विरोध में महिलाओं ने हंगामा कर दिया। शराब के कार्टून नाले में फेंके तथा कुर्सी व फर्नीचर तोड़कर सड़क पर आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के आने के बाद महिलाओं का गुस्सा शांत हो सका। इसके बाद वे एसडीएम से भी मिलने पहुंची।
विज्ञापन
यहां पूर्व में कई बार शराब के ठेके के विरोध में वार्ड सभासद के नेतृत्व में महिलाएं अधिकारियों को लिखित शिकायत की थी। अधिकारियों ने नए वर्ष में शराब का ठेका हटाने का आश्वासन दिया था। लेकिन ठेका पूर्व की दुकान के बराबर में ही चालू हो गया। आरोप है कि नियम के विरुद्ध शराब का ठेका चलाया जा रहा है। शराब के ठेके के दो सौ मीटर की दूरी पर दो इंटर कालेज और दो मंदिर हैं। जहां आये दिन शराबी हंगामा करते हैं और महिलाओं से अभद्रता करते रहते हैं।