जिला एवं सत्र न्यायालय फिरोजाबाद
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद के जनपद न्यायालय में सोमवार को तारीख पर आई महिला को यकायक प्रसव पीड़ा हो गई। न्यायालय के गेट नंबर तीन के निकट झाड़ियों में अन्य महिलाओं की मदद से महिला को बच्ची को जन्म दिया। सूचना पर सीएमओ कार्यालय से आई स्वास्थ्य विभाग की टीम को जच्चा-बच्चा को सीएमओ कार्यालय स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए। यहां से उसे शिकोहाबाद स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया कि महिला का दहेज को लेकर ससुराल वालों से विवाद है। वह उसकी तारीख पर ही आई थी।
थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के बंशीनगर निवासी महिला आरती का विवाह दिसंबर 2020 में जसराना के मोहल्ला गाड़ीवान निवासी अमलेश के साथ हुआ था। शादी के बाद आरती का ससुरालीजनों से दहेज को लेकर विवाद हो गया। इसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
गेट नंबर तीन के पास कराया गया प्रसव
महिला के अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी ने बताया कि सोमवार को आरती तारीख करने अपने माता-पिता एवं भाभी के साथ जनपद न्यायालय आई थी। जनपद न्यायालय के गेट नंबर तीन के पास अचानक उसे प्रसव पीड़ा हुई। प्रसव पीड़ा की जानकारी पर मां और भाभी उसे पास की झाड़ियों की ओर ले गए और अन्य महिलाओं की मदद से प्रसव कराया। इस दौरान उसने बेटी को जन्म दिया है।
न्यायालय परिसर में महिला के प्रसव होने की जानकारी पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने उसे जिला मुख्यालय स्थित पीएचसी पर उसे कुछ देर के लिए रखा। इसके बाद शिकोहाबाद अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। सीएमओ डॉ. दिनेश प्रेमी ने कहा कि न्यायालय के समीप महिला के प्रसव होने का फोन आया था। मौके पर टीम भेजकर महिला को अस्पताल भिजवाया गया है।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।