मथुरा के वृंदावन के प्रख्यात भजन गायक और संगीताचार्य पर उनकी ही पुत्रवधू ने शारीरिक संबंध के लिए दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। पुत्र के जेल जाने के बाद पुत्रवधू को घर से बाहर निकालने की धमकी भी दी है। गुरुवार को बच्चों के साथ कोतवाली पहुंची महिला ने ससुर के खिलाफ तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
वृंदावन के भजन गायक एक बार फिर सुर्खियों में हैं। पिछले दिनों यह भजन गायक पुत्रों के साथ वृंदावन के लोगों से ही ठगी के मामले में चर्चाओं में आए थे। आरोपी पुत्र को पुलिस जेल भेज चुकी है। अब उनकी पुत्रवधू ने भजन गायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
गुरुवार को उनकी पुत्रवधू अपने दो बच्चों के साथ कोतवाली पहुंची। उसने ससुर पर शारीरिक संबंध के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया। कोतवाली में दी तहरीर के मुताबिक भजन गायक उसके पति की गैर मौजूदगी में शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहे हैं।
इतना ही नहीं पीड़िता से एक करोड़ रुपये मायके से लाने के लिए भी कहा। ऐसा न करने पर घर से निकालने और बच्चों सहित उसे जलाकर मारने की धमकी भी दी। कोतवाली प्रभारी शशि प्रकाश शर्मा का कहना है कि महिला के आरोपियों पर जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।