महानंदा एक्सप्रेस में महिला की मौत
टूंडला(फिरोजाबाद)। दिल्ली रेलखंड पर महानंदा एक्सप्रेस में बृहस्पतिवार रात यात्रा कर रही एक महिला की मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भेज दिया।
बिहार प्रांत के जिला छपरा अंतर्गत गांव डुमरी अड्डा निवासी सुशीला देवी (55) पत्नी वासुदेव पंडित परिवार के साथ खुर्जा गई थी। बृहस्पतिवार को वह महानंदा एक्सप्रेस से घर लौट रही थी। ट्रेन अलीगढ़ रेलवे स्टेशन से आगे निकली तभी अचानक तबियत बिगड़ गई। परिजनों ने टीटीई के माध्यम से टूंडला नियंत्रण कक्ष को अवगत कराया। रेलवे हॉस्पिटल से चिकित्सक संजय द्विवेदी स्टेशन पहुंच गए। ट्रेन के आने पर उन्होंने महिला की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। राजकीय रेलवे पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।