बेवर (मैनपुरी)। जीटी रोड पर ओवरब्रिज के पास स्थित दुकान में सो रहे रसूलाबाद निवासी सीमेंट व्यापारी आशाराम (60) की बुधवार की रात धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार की सुबह परिजनों को इसकी जानकारी हुई। एएसपी ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के गांव रसूलाबाद निवासी आशाराम दुबे ने हाल ही में जीटी रोड पर ओवरब्रिज के पास दुकानें बनवाईं थीं। यहीं उन्होंने बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान खोली थी। बुधवार की रात बेटा नवीन दुकान से घर पर सोने के लिए चला गया। वहीं, आशाराम रोज की तरह दुकान में सो गए। बृहस्पतिवार की सुबह करीब छह बजे जब बेटा नवीन दुकान पर पहुंचा तो देखा कि दुकान का शटर कुछ खुला हुआ था। बेटे के अनुसार उसने जब शटर को उठाकर देखा तो पिता आशाराम का शव लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा था। कान के पास किसी धारदार हथियार से वार किया गया था।
जानकारी मिलने के बाद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एएसपी मधुवन कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। परिजनों की ओर से हत्या किए जाने का आरोप लगाया, लेकिन किसी पर शक जाहिर नहीं किया गया। मृतक के पुत्र नवीन की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
आशाराम की हत्या सिर में किसी धारदार हथियार से वार के चलते होना प्रतीत हो रहा है। मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है, जल्द ही खुलासा करते हुए हत्यारों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। -मधुवन कुमार, प्रभारी एसपी