शिकोहाबाद- पानी भरे गड्ढे में डूब कर महिला की मौत की सूचना पर पहुंची जसराना पुलिस शव को निकलवाते ह?
- फोटो : FIROZABAD
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। पानी से भरे गड्ढे में गिरने से एक महिला की मौत हो गई। महिला की मौत की जानकारी पर परिवार में चीत्कार मच गया। सूचना पर पहुंची जसराना पुलिस ने शव को गड्ढे से निकालकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के गांव नगला राजाराम निवासी महादेवी (35) पत्नी लायक सिंह खेत में बने अपने ट्यूववेल पर सो रही थी। मंगलवार रात तकरीबन दस बजे लायक सिंह ट्यूववेल से बच्चों के पास गांव में बने घर पर चला गया। देररात महिला शौच के लिए उठी और कुछ दूर जाने पर वह खेत में पानी से भरे गड्ढे में गिर गई।
बुधवार सुबह ग्रामीण शौच के लिए गड्ढे के समीप पहुंचे तो महिला की लाश तैरती देकखकर उन्होंने लायक सिंह को घटना की जानकारी दी। जानकारी पर परिजन और जसराना कोतवाली के एसएसआई कृपाल सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को गड्ढे से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार, महादेवी पर तीन बच्चे हैं। इनमें एक बेटा गिरंद (13), बेटी लक्ष्मी (10) और मानवी (8) साल हैं। मां की मौत के बाद तीनों बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है।
------------
मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जिस खेत से मिट्टी उठाकर गड्ढा किया गया है। उसकी अनुमति ली गई थी अथवा नहीं। यदि अवैध रूप से मिट्टी उठाई गई है तो खेत स्वामी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
देवेंद्र प्रताप सिंह, एसडीएम शिकोहाबाद