उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के एक गांव में जंगली शूकर ने ग्रामीणों पर हमला बोल दिया। जंगली शूकर के आतंक से राजा का रामपुर क्षेत्र के वाशिंदों में दहशत फैली हुई है। एक बच्चा, किशोरी सहित सात लोग शूकर ने हमलाकर घायल कर दिए।
इसकी वजह से लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। किसान खेतों तक जाने में घबरा रहे हैं। एसडीएम ने वन विभाग को सूचना देकर जंगली जानवर पकड़ने के निर्देश दिए हैं।
थाना राजा का रामपुर क्षेत्र स्थित गांव बिल्सड़ में बुधवार की सायंकाल जंगली शूकर ने खेतों पर कार्य कर रहे किसानों पर हमला कर दिया। इसके बाद एक शूकर गांव में घुस आया, गली में खेल रहे एक बच्चे को शिकार बना लिया।
ग्रामीणों ने जब बच्चे पर शूकर को हमला करते देखा तो किसी तरह उसे बचाया। एक ही रात में सात लोगों के घायल होने से ग्रामीणों में जंगली शूकर के आतंक से दहशत फैली हुई है।
ग्रामीणों द्वारा घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज कराया जा रहा है। डर और दहशत की वजह से खेतों पर रात को
किसान काम करने और पानी लगाने तक नहीं जा रहा रहे हैं।
गांव बिल्सड़ पछांया में जो लोग घायल हुए हैं उनमें मनीष कुमार (54) पुत्र कोमल सिंह, राम सागर पांडेय (62) पुत्र तोताराम पांडेय, शिव कुमार (50) पुत्र मिहीलाल, पातीराम (80) रामसहाय, मोहम्मद अकरम (30) पहलवान, सीमा (15) पुत्री सुभाष और ईद मुहम्मद (8) पुत्र रियाजुद्दीन शामिल हैं।
जंगली शूकर इंसान पर घात लगाकर पीछे से हमलाकर गिरा लेता है, उसके बाद खाने के लिए वार करता है। इंसान समझ ही नहीं पाता है कि आखिर हमला किसने किया है। जब तक शूकर को देखा जाता है जब तक बार करके जख्मी कर देता है। घायलों ने भी ऐसे ही हमला करने की पुष्टि की है।
जंगली शूकर ने एक अधेड़ जो खेत पर पानी लगा रहा था तभी पीछे से हमला कर दिया। उसे नीचे गिराकर गुप्तांग को चबा दिया। गंभीर रूप से घायल अधेड़ का इलाज परिजन एक निजी चिकित्सक से करा रहे हैं।
उपजिलाधिकारी अलीगंज पीएल मौर्या का कहना है कि बिल्सड़ पछांया में जंगली शूकर के हमले से सात लोगों के घायल होने की खबर मिली है। ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया है, परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। वन विभाग को जंगली शूकर को पकड़ने के निर्देश दिए गए हैं।