ताजमहल में गर्मी से व्याकुल हुए पर्यटक
- फोटो : अमर उजाला
मार्च का महीना जून सरीखा दहक रहा है। जून में औसत तापमान 41.9 डिग्री है, जबकि मार्च में इन दिनों पारा 42 डिग्री से ज्यादा चल रहा है। बुधवार को भी लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। आगरा का तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया जो प्रदेश में दूसरा गर्म शहर रहा। झांसी प्रदेश में सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 42.1 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक पांच दिनों तक लू से राहत नहीं मिलने वाली है। पारा अभी और बढ़ सकता है। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री पर रहा जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। सुबह 10 बजे के बाद ही पारा 40 डिग्री को पार कर गया। दोपहर में सड़कों के किनारे पेड़ों की छांव तलाशते लोग नजर आने लगे हैं। तेज धूप और लू के थपेड़ों के कारण गमछे का प्रयोग बढ़ गया है।
चार तक लू का अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले पांच दिनों में लू का प्रकोप जारी रहेगा। चार अप्रैल तक लू के थपेड़े लोगों को बेहाल कर सकते हैं। चार अप्रैल तक पारा 43 से 44 डिग्री तक भी पहुंचने के आसार हैं। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी जारी रहेगी।
शहर अधिकतम न्यूनतम
झांसी 42.1 20.8
आगरा 42 20.5
प्रयागराज 41.9 19.2
हमीरपुर 41.2 22.2
अलीगढ़ 40.2 20.2