आगरा में सिकंदरा वाटरवर्क्स से शुक्रवार को लगभग चार लाख लोगों को सुबह दस बजे से रात के आठ बजे तक पानी नहीं मिल पाएगा। वाटरवर्क्स के नए भूमिगत टैंक में शुक्रवार को पाइप जोड़ा जाना है। इस कारण आपूर्ति बंद रखी जाएगी। जल निगम ने सलाह दी है कि परेशानी से बचने के लिए लोग पानी का आवश्यकता के अनुसार भंडारण कर लें।
विज्ञापन
जल निगम की गंगाजल परियोजना इकाई के प्रोजेक्ट मैनेजर आरके पंकज ने बताया कि शाहगंज द्वितीय जोनल पंपिंग स्टेशन में भूमिगत जलाशय और पंप हाउस का नया निर्माण किया गया है।
पुराने क्लीयर वाटर रिजर्वेयर (सीडब्लूआर) के जीर्णशीर्ण होने के कारण अब नए अंडरग्राउंड टैंक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसमें गंगाजल लाने के लिए इनलेट पाइप का कनेक्शन किया जाना है। इस काम में 10 घंटे का समय लगेगा।
सिकंदरा वाटरवर्क्स से मेन राइजिंग द्वारा शाहगंज पंपिंग स्टेशन जुड़ा हुआ है, जिसे इस काम के लिए सुबह 10 बजे से बंद रखा जाएगा। लोग इससे पहले ही पानी भरकर रख लें। सिकंदरा वाटरवर्क्स से 144 एमएलडी गंगाजल और 72 एमएलडी यमुनाजल एमबीबीआर प्लांट से सप्लाई होती है। ऐसे में करीब आधे
शहर की जलापूर्ति इन 10 घंटों तक बाधित रहेगी।
इन क्षेत्रों में बंद रहेगी आपूर्ति
सिकंदरा, आवास विकास, बाग फरजाना, देहली गेट, हरीपर्वत, घटिया आजम खां, लोहामंडी, शाहगंज , अजीत नगर, अर्जुन नगर, खेरिया मोड़, सूर्य नगर, संजय प्लेस, लॉयर्स कॉलोनी, हलवाई की बगीची, बोदला और निर्भय नगर क्षेत्रों में पानी की सप्लाई नहीं हो पाएगी।
यमुनापार में कम पहुंचे टैंकर... लोगों को खरीदना पड़ा पानी
जवाहर पुल पर बदली जा रही 750 मिमी की पाइपलाइन के कारण यमुनापार के लोगों को दूसरे दिन भी जल संकट झेलना पड़ा। जलकल विभाग ने टैंकर से सप्लाई तो दी लेकिन 60 हजार लोगों के लिए नाकाफी रही। करीब 30 हजार लोगों तक जलकल विभाग के टैंकर नहीं पहुंच सके। उन्हें सबमर्सिबल पंप और प्राइवेट टैंकरों के भरोसे रहना पड़ा। बुधवार को नुनिहाई, शाहदरा, ट्रांसयमुना क्षेत्र की ओर के लोगों को नहाने के लिए भी पानी खरीदना पड़ा।
स्टोर किया पानी खत्म, प्राइवेट टैंकर मंगाया
शाहदरा के राजेंद्र सिंह ने बताया कि हमने पानी भर कर रखा था लेकिन खत्म हो गया, बुधवार को हमें पानी खरीदना पड़ा। जलकल के टैंकर नहीं पहुंचे। फोन करने के बाद भी पानी नहीं मिल पाया तो प्राइवेट टैंकर मंगाना पड़ा। पीने के लिए तो खरीदते ही हैं, नहाने के लिए भी खरीदना पड़ा।
ट्रांसयमुना निवासी मीना देवी ने बताया कि टंकी भर कर रखी थी लेकिन वह मंगलवार की रात में ही खत्म हो गई। ऐसे में जरूरी काम के लिए पानी टैंकर से मंगवाना पड़ा नुनिहाई के सुनील कुशवाहा ने बताया कि जलकल विभाग ने टैंकरों की सप्लाई कम रखी। हमारे क्षेत्र में दोपहर तक जब टैंकर नहीं आया तो हम लोगों ने चंदा करके टैंकर मंगवाया