श्रीरामचंद्र मंदिर का एक हॉल और व दो कमरे रविवार को ढह गए। गनीमत रही कि मंदिर में कोई मौजूद नहीं था। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि तीन कमरे और गिरासू हैं। इसके लिए नगरायुक्त को 17 जुलाई 2023 को प्रार्थनापत्र दिया गया था, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। करीब 8 ट्रॉली मलबा नगर निगम की टीम ने मंदिर से उठाया।
लोहामंडी स्थित जटपुरा खातीपाड़ा में यह प्राचीन मंदिर है। परिसर में किराएदार भी रहते हैं। जो दीवार गिरी उसमें सरकारी राशन की दुकान संचालित होती थी। एक कमरे में पुराने पंडित का ताला बंद था। दूसरे कमरे में मनोज कश्यप रह रहे हैं। मंदिर कमेटी के दिनेश पाठक, विनय अग्रवाल, रामदास कटारा, मौनी पारीक, मटरू सिंह, मुकेश लोधी ने कहा कि नगर निगम अन्य गिरासू कमरों का निरीक्षण कराए।