आगरा। संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर बुद्ध विहार चक्कीपाट पर बाबा साहब का अस्थि कलश दर्शनों के लिए रखा गया। चक्कीपाट स्थित पूर्वोदय बुद्ध विहार की स्थापना भी डॉ. आंबेडकर ने ही की थी। इसीलिए यहां उनके पुत्र अस्थि कलश लेकर आए थे। लोगों ने मोमबत्ती, अगरबत्ती जलाकर फूल अर्पित किए।
महापरिनिर्वाण दिवस पर कांशीराम जयंती एवं जन कल्याण समिति ने सुबह प्रभात फेरी निकाली। भंते आनंद माथेरा ने भिक्षु संघ के साथ बुद्ध वंदना की और बौद्ध रीतिरिवाजों के साथ पंचशील का पाठ कराया। समिति ने बुद्ध विहारों में सेवा करने वाले उपासक, उपासिकाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान लंगर का प्रसाद वितरित किया गया। संकल्प दिलाया कि बाबा साहब के अधूरे सपनों को पूरा करने में जुटेंगे और समाज में शिक्षा तथा राजनीतिक चेतना उत्पन्न करेंगे। इस दौरान करतार सिंह भारतीय, धर्मेंद्र सोनी, ऋषि कुमार सिंह, मुकेश कल्याण, राजेंद्र कर्दम, सुनील गौतम, राकेश भास्कर, डॉ. मलखान सिंह व्यास, अमर सिंह, श्याम प्रकाश जरारी, चंचल सोनी आदि मौजूद रहे।
बाबू जगजीवन राम पुस्तकालय, फतेहाबाद रोड पर मिशन सुरक्षा परिषद ने श्रद्धांजलि सभा की। देवकीनंदन सोन, रूप सिंह, गौरव मौर्य, चंद्र प्रकाश सिंह, अशोक चंद मौजूद रहे।
डॉ. आंबेडकर मेला कमेटी टेढ़ी बगिया में पूर्व पार्षद श्याम प्रकाश बोधी की अध्यक्षता में श्रद्धांजलि सभा की गई। मां बैकुंठी देवी सर्वोदय इंटर कॉलेज की छात्राओं ने प्रभात फेरी निकाली। बलवीर सिंह, केपी सिंह, रवींद्र कुमार, केहर सिंह, भूदेव सिंह मौजूद रहे।
भीम युवा व्यापार मंडल ने बिजलीघर स्थित डॉ. आंबेडकर पार्क पर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। जरूरतमंदों को खाना, कपड़े वितरित किए। पंकज मुकेश, प्रदीप पिपल, प्रवीण कैन, देवेंद्र पिपल, शेखर पिपल, यशपाल सिंह, विकास कुमार आदि मौजूद रहे।