कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन, राज्यमंत्री, विधायकगण व अन्य
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन शुक्रवार को आगरा पहुंचे हैं। उन्होंने यहां 60 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस मौके पर राज्यमंत्री डॉ. जीएस धर्मेश, विधायक योगेंद्र उपाध्याय, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, रामप्रताप सिंह चौहान, महापौर नवीन जैन, प्रमुख सचिव नगर विकास मनोज कुमार भी मौजूद हैं।
नगर विकास मंत्री जीवनी मंडी स्थित पुराने वाटर वर्क्स पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने यहां आगरा पेयजल गृह संयोजन योजना और सीवर गृह संयोजन योजना का लोकार्पण किया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री नगर निगम के लिए रवाना हो गए।
नगर निगम परिसर में नगर विकास मंत्री ने डूडा द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना और आसरा योजना के मकानों की चाबी लाभार्थियों को सौंपी। इस दौरान कैबिनेट मंत्री कान्हा उपवन, कुबेरपुर में 300 मीट्रिक टन कचरे से खाद बनाने का प्लांट का लोकार्पण और साढ़े आठ लाख टन कूड़े की बायो माइनिंग, 7 करोड़ के निर्माण कार्य, स्मार्ट टॉयलेट का शिलान्यास भी किया।
नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन हेल्थ सेंटर, स्मार्ट क्लास, माइक्रो स्किल सेंटर के साथ इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर भी देख सकते हैं। मंत्री के आगमन के चलते बृहस्पतिवार को नगर निगम में दिन भर तैयारियां चलती रहीं। परिसर की रंगाई पुताई और सफाई का काम रात भर चलता रहा।