मैनपुरी जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव का इंतजार समाप्त हो गया। शनिवार को सुबह 11 बजे से कलक्ट्रेट स्थित जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में जिला पंचायत सदस्य मतदान करेंगे। दोपहर तीन बजे के बाद मतगणना के बाद परिणाम की घोषणा की जाएगी। जिला पंचायत चुनाव के लिए शुक्रवार को दिन भर कलक्ट्रेट में तैयारियां चलती रहीं। चुनाव के दौरान यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे।
मैनपुरी जिले में 30 जिला पंचायत सदस्य जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी का फैसला करेंगे। जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय कक्ष में वे 11 बजे से मतदान करने पहुंचेंगे। पहचान के बाद एक के बाद एक जिला पंचायत सदस्य को मतदान के लिए प्रवेश किया जाएगा। यहां उन्हें मतपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। इन मतपत्रों पर निर्वाचन अधिकारी के हस्ताक्षर और मुहर होगी।
विज्ञापन
तीन बजे तक सदस्यों को मतदान के लिए समय दिया गया है। इस बीच सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। सभी गेटों को बंद करने के साथ ही बैरिकेडिंग भी लगा दी गई है। निर्वाचन अधिकारी के पास मौजूद मतदाता सूची से मिलान के बाद ही जिला पंचायत सदस्यों को मतदान का मौका दिया जाएगा। सुरक्षा के चलते मतदान कक्ष और गेट पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
तीन बजे तक मतदान प्रक्रिया पूर्ण करा ली जाएगी। इसके बाद मतगणना के लिए मतपेटिका को खोला जाएगा। मतों की गिनती के अनुसार जिला निर्वाचन अधिकारी विजेता की घोषणा कर देंगे।
विज्ञापन
दो प्रत्याशियों के बीच है टक्कर
जिला पंचायत के लिए इस बार केवल दो प्रत्याशी ही मैदान में हैं। इसमें सपा से मनोज कुमार यादव और भाजपा से अर्चना भदौरिया जिला पंचायात अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं। दोनों ही अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। हालांकि हार जीत का फैसला मतगणना के बाद ही हो सकेगा।
डीएम ने किया निरीक्षण
जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने शुक्रवार को मतदान से पहले निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सबसे पहले मतदान कक्ष में व्यवस्थाएं देखीं। इसके बाद परिसर मे किए जा रहे बैरीकेडिंग कार्य को भी देखा। उन्होंने निर्देशित किया कि मतदान के दौरा अनाधिकृत लोगों को कलक्ट्रेट में प्रवेश किसी हाल में न दिया जाए। इस दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी अनूप कुमार और प्रेमप्रकाश मौजूद रहे।