कासगंज में दो साल पहले फर्जी दरोगा बनकर युवती को झांसा देकर शादी करने वाले सिपाही को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर भेज दिया है। वर्तमान में नोएडा में तैनात सिपाही को कोतवाली पुलिस ने सोरों गेट इलाके से गिरफ्तार किया। धोखाधड़ी के मामले में सिपाही की मां भी आरोपी है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
अलीगढ़ के कुलदीप बिहार कॉलोनी निवासी राजीव सोलंकी उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही है। वर्ष 2017 में वो कासगंज पुलिस लाइन में तैनात था। इस दौरान सहावर गेट निवासी बीटीसी छात्रा युवती से सिपाही की मुलाकात हुई। आरोप है कि सिपाही ने खुद को दरोगा बताते हुए उसे झांसे में ले लिया और 24 मार्च 2017 को शादी रचा ली।
शादी के बाद किराये के मकान में रखा
शादी के बाद वो कभी भी उसे अपने घर नहीं ले गया और किराए के मकान में रखा। वर्ष 2018 में महिला गर्भवती हो गई। इस दौरान उसे जानकारी हुई कि राजीव दरोगा नहीं बल्कि सिपाही है और शादीशुदा है। पीड़िता ने कोतवाली कासगंज में आरोपी सिपाही राजीव और उसकी मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।