भाजपा के राज में उत्तर प्रदेश में अब कोई बाहुबली नहीं है अगर कोई है तो वह सिर्फ बजरंगबली है। ये बात करहल विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को जनसभा करने आए गृहमंत्री अमित शाह ने कही। उन्होंने कहा कि भजपा सरकार में सारे माफिया और बाहुबली जेल में हैं। अगर सपा की सरकार आई तो जेल में बाहुबली सैफई में नाच गाना देखेंगे।
उन्होंने कहा कि करहल से चुनाव लड़ रहे प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल केंद्र सरकार में कानून मंत्री हैं। अगर वह चाहते तो दिल्ली में अपने गाड़ी, बंगले में खुश रहते। लेकिन उत्तर प्रदेश को गुंडों और माफिया के हाथों से बचाने के लिए वह चुनाव लड़ने आए हैं। उन्होंने कहा कि पिछड़ों के नेता को जिताकर आपको गरीब, किसान और पिछड़ों की सरकार बनानी है।
अखिलेश पर कसा तंज
अखिलेश पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश पहले कोविड वैक्सीन को मोदी वैक्सीन बताते थे, लेकिन बाद में खुद भी वैक्सीन लगवा ली। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार की जन कल्याणकारी योजनाएं जैसे स्वच्छ भारत मिशन, सौभाग्य, उज्ज्वला, किसान सम्मान निधि को भी गिनाया। कोरोना काल में दो साल तक निशुल्क राशन मिलने की बात भी उन्होंने दोहराई।