समाजवादियों ने बनाई हैं ये सड़कें- अखिलेश
सपा मुखिया ने कहा कि यह सड़कें भी समाजवादियों ने बनाई हैं। उन सड़कों पर आज हवाई जहाज उतर रहे हैं। यह लोग कह रहे हैं गुंडा अपराधी माफिया। जरा गौर से देखो कौन लोग अपराधी दिखते हैं और यह लोग माफिया दिखते हैं। जिन्हें कानून से नहीं चलना है, वह समाजवादी पार्टी को वोट ना दें। समाजवादी सरकार ने 100 नंबर चलाई ताकि किसी को थाने जाने की जरूरत ना पड़े। भाजपा सरकार ने 112 करके पुलिस को कबाड़ा बना दिया।
उन्होंने कहा कि जो लोग पैसा लेकर भाग रहे हैं, सोचो वह कहां के लोग हैं। उत्तर प्रदेश को बचाइए। हमारे विधायक ने टाटा किया है तो उनसे टाटा करोगे कि नहीं। जो नेता जी ने लड़ाई लड़ करके आगे आए हैं। हमारी जिम्मेदारी बनती है इस लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे। अखिलेश यादव ने सिरसागंज के सपा प्रत्याशी सर्वेश यादव और शिकोहाबाद से मुकेश वर्मा को जिताने के लिए जनता से अपील की।
नसीरपुर के बाद टूंडला में सपा-आरएलडी की संयुक्त रैली हुई। अखिलेश यादव और जयंत चौधरी ने जनसभा को संबोधित किया। गठबंधन के दोनों प्रमुख नेताओं के निशाने पर भाजपा रही। जयंत चौधरी ने कहा कि भाजपा के लोग कितना झूठ बोलते हैं, अगर झूठ का ओलंपिक हो जाए तो सारे गोल्ड पदक भाजपा के लोग लेकर आएंगे। उन्होंने कहा कि गडकरी जी कहते हैं हवा में रोडवेज बस चलाएंगे। वह यह नहीं जानते हैं कि सड़क पर इतने गड्ढे हैं कि बस वैसे ही बस वैसे ही हवा में उछल जाती है। उन्होंने कहा कि लोग नहीं भूले हैं, यहां किसानों के ऊपर थार चलाई गई।
यह संविधान और लोकतंत्र बचाने का चुनाव- अखिलेश
टूंडला में अखिलेश यादव ने कहा कि यह चुनाव संविधान और लोकतंत्र बचाने का है। बाबा साहब ने हमें संविधान दिया है। भाजपा की साजिश है। ये लोग बाबा साहब का संविधान भी बदल सकते हैं। संविधान और लोकतंत्र बचना है। पहला और दूसरे चरण में पड़ोस में वोट पड़ा था। दो चरणों में गठबंधन ने शतक मारा। तीसरे और चौथे तक गठबंधन की सरकार बन जाएगी।