आगरा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के जिन छात्रों को परिणाम में प्रमोटेड मिला है, उनकी समस्या हल नहीं हो पा रही है। विद्यालय प्रशासन व प्रबंधन परेशान है। विद्यालय की ओर से बोर्ड को भेजे जा रहे ई-मेल स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं। कुछ विद्यालय प्रबंधकों ने क्षेत्रीय कार्यालय जाकर समस्या बताई। उसका समाधान नहीं हो सका। विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल कराने की सलाह दी जा रही है।
जिले में कुल 3280 विद्यार्थियों को प्रमोटेड किया गया। इनको परिणाम में अंक नहीं दिए गए हैं। इस सूची में हाईस्कूल के 1514 और इंटरमीडिएट में 1766 शामिल हैं। आरबीएस इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. यतेंद्र पाल सिंह ने बताया कि उनके यहां के एक छात्र के परिणाम में प्रमोटेड लिखा हुआ है। 12 अगस्त से प्रयास किया जा रहा है। बोर्ड को ई-मेल भेजने में सफलता नहीं मिल रही है। ऑल प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सक्सेना का कहना है कि छोटेलाल इंटर कॉलेज, शिव नगर, कमाल खां, खेरिया मोड़ में इंटरमीडिएट के 17 छात्रों के परिणाम में प्रमोटेड लिखा हुआ है। क्षेत्रीय सचिव मेरठ से संपर्क किया गया। बोर्ड को संबंधित छात्रों के सारे प्रमाणपत्र भी उपलब्ध करा दिया गया। अब बोर्ड से फोन पर बताया गया कि प्रमोटेड वाले छात्रों पर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। इनका फॉर्म भरवाकर परीक्षा में शामिल कराने के लिए कहा जा रहा है। जबकि फिर से परीक्षा कराने का औचित्य नहीं है। इन छात्रों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन इसका विरोध करेगा।