आगरा। माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनय कुमार पांडेय ने रविवार को गूगल मीट के माध्यम से सभी मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक और जिला विद्यालय निरीक्षकों के साथ बैठक की। ऑनलाइन पढ़ाई को और प्रभावी बनाए जाने और इससे सभी विद्यार्थियों को जोड़ने के निर्देश दिए।
मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश अग्रवाल ने बताया कि ऑनलाइन शिक्षण की निगरानी के लिए मंडल स्तर पर मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक और जिले स्तर पर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में सेल स्थापित किया जाएगा। इसमें प्रधानाचार्यों और शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। बैठक में यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि सभी शिक्षक ऑनलाइन शिक्षण कार्य जरूर कराएं। जब तक विद्यालय भौतिक रूप से पठन-पाठन के लिए खुल नहीं जाते, ऑनलाइन शिक्षण कार्य गत वर्षों की तरह व्हाट्स एप ग्रुप, यू-ट्यूब चैनल, वीडियो लेशन, ज्ञान गंगा और पीएम विद्या चैनलों के माध्यम से पढ़ाए जाने हैं। प्रधानाचार्यों की जिम्मेदारी होगी कि वह इस पर अमल सुनिश्चित करें।