मैनपुरी। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में बुखार से पीड़ित दो मरीजों की मौत हो गई। वहीं सांस लेने में दिक्कत के चलते एक अन्य मरीज ने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल में बुखार से पीड़ित 30 मरीजों को भर्ती कराया गया। वहीं ओपीडी में 430 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
कोतवाली थाना क्षेत्र के नगला दौलत निवासी श्रीकृष्ण की 65 वर्षीय पत्नी राधाश्री को कुछ दिन से बुखार आ रहा था। परिजन उनका टूंडला के निजी अस्पताल में उपचार करा रहे थे। यहां उपचार के दौरान मंगलवार की रात उनकी मौत हो गई। बिछवां थाना क्षेत्र के गांव नगला हिम्मत निवासी सोनू और उसकी 30 वर्षीय पत्नी अनामिका को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजनों ने दो दिन पहले उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। बुधवार को उसका भाई उसे उपचार के लिए फर्रुखाबाद ले जा रहा था जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अनामिका के शव का पोस्टमार्टम कराया है। औंछा के देवपुरा निवासी 85 वर्षीय राजवीर सिंह यादव का मंगलवार को अचानक स्वास्थ्य खराब हुआ। उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे रास्ते में उनकी मौत हो गई।