मैनपुरी के जिला अस्पताल में पहुंचे लोग
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी जिले में बुखार के मरीज तेजी के साथ बढ़ते जा रहे हैं। गुरुवार को जिला अस्पताल में भर्ती महिला सहित दो बुखार पीड़ितों की मौत हो गई। वहीं सांस लेने में दिक्कत होने पर एक अन्य किशोर ने भी दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल में 37 मरीजों को बुखार से पीड़ित होने पर भर्ती कराया गया।
गुरुवार को सुबह से ही जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही। ओपीडी में 794 मरीज पहुंचे, इनमें 300 से अधिक बुखार से पीड़ित थे। कोतवाली थाना क्षेत्र के राधानगर निवासी रामबाबू की 90 वर्षीय पत्नी रामबेटी को बुखार आ रहा था। बुधवार की रात परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां देर रात उनकी मौत हो गई। भोगांव के आलीपुर पट्टी निवासी सुल्तान अहमद की 45 वर्षीय पत्नी आशमा को कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। गुरुवार को हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं भोगांव थाना क्षेत्र के गांव नगला कनही निवासी रमेश चंद्र के 14 वर्षीय पुत्र ईशू को गुरुवार को तेज पेट दर्द हुआ। उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीएमएस डॉ. अरविंद कुमार गर्ग का कहना है कि जिला अस्पताल में भर्ती एक वृद्धा की मौत हुई है, जिसे अंतिम सांसों में भर्ती कराया गया था। दो मरीज मृत अवस्था में लाए गए हैं।
ये भी पढ़ें: आगरा: गैंगस्टर बेटे पर कार्रवाई, सदमे से मां की मौत, आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर शव रख लगाया जाम
फिरोजाबाद में जानलेवा बना बुखार: डेंगू-वायरल से पांच की मौत, चार घंटे में तीन बच्चों ने तोड़ा दम