बाइक पर सवार थे दोनों बदमाश
शुक्रवार रात को पुलिस चाकरपुर तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी, तभी एक बाइक पटियाली की तरफ से आती दिखाई दी। पुलिस ने रोकने का इशारा किया गया तो बाइक सवार ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने अपना बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिससे मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश पैरों में गोली लगने से घायल हो गए।
तलाशी के दौरान पुलिस को मौके से दो तमंचे 315 बोर, पांच खोखा कारतूस एवं सात जिंदा कारतूस बरामद किए। बदमाशों से नाम पता पूछा गया तो एक ने अपना नाम बबलू उर्फ जुम्मन पुत्र मुंशी निवासी धुमरी थाना जैथरा जनपद एटा एवं दूसरे ने अपना नाम सद्दाम पुत्र नसीर आलम निवासी नदरई थाना कोतवाली कासगंज बताया।
पूछताछ में बदमाशों ने कबूली हत्या की वारदात
पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने बताया कि उनके द्वारा नगला डूंगर में सड़क के किनारे भैंस चोरी करते समय एक युवक द्वारा विरोध किया गया था। इस पर उसे गोली मार दी थी। उक्त घटना में एक और साथी अजीम निवासी भरगैन थाना पटियाली भी सम्मिलित था।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए बदमाश शुक्रवार रात को भी किसी वारदात को अंजाम देने जा रहे थे। इनका एक अन्य साथी अजीम गाड़ी लेकर गंगा जी के पास खड़ा था। अभियुक्तों द्वारा बताए गए स्थान पर पुलिस टीम ने दबिश दी, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।