पटियाली (कासगंज)। कस्बेे के मोहल्ला काजी में बुखार से पीड़ित दो लोगों की मौत हो गई। 27 लोग बुखार से पीड़ित हैं। एक ही मोहल्ले में इतने लोगों के बीमार होने से दहशत का माहौल है। सूचना पर राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। 27 लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे हैं। इधर अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली है।
बुखार से मोहल्ला काजी निवासी आसिफ (22) और जाहिरा (25) पत्नी मुस्तकीम की मौत हो गई। आसिफ के परिजनों ने बताया कि दो दिन पूर्व उसे बुखार आया था। निजी अस्पताल में उपचार करवा रहे थे। कोई सुधार नहीं होने पर अलीगढ़ में एक निजी अस्पताल में ले गए थे। जाहिरा के परिजनों के मुताबिक उन्हें शुक्रवार की शाम बुखार आया था।
पटियाली में एक चिकित्सक से उपचार करवाया। शनिवार की सुबह हालत बिगड़ने पर गंजडुंडवारा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम दिया। आसिफ और जाहिरा के घर भी आमने-सामने हैं। सूचना पर उपजिलाधिकारी रवेंद्र कुमार ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को अलर्ट किया। सीएमओ डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर पटियाली स्वास्थ्य विभाग की टीम मोहल्ले में पहुंची। 27 बीमारों के नमूने जांच के लिए हैं। इनकी कोरोना, मलेरिया, डेंगू व टायफाइड की जांच होगी।
बुखार से दो लोगों की मौत और कई लोगों के बीमार होने की जानकारी मिली। इस पर पटियाली स्वास्थ्य केंद्र से टीम भेजी है। जांच के लिए बीमारों के नमूने संकलित कराए हैं। - डॉ. अनिल कुमार, सीएमओ।