कासगंज (सोरों)। सहावर गेट पर दो बाइकें आपस में टकरा गईं। हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सड़क हादसे में मौत का शिकार अनिल (36) पुत्र चरण सिंह निवासी रायपुर पटना हुआ। वह बालाजी इंडेन गैस एजेंसी में हॉकर का काम करता था। बाइक में तकनीकी खराबी आने से वह मिस्त्री के पास बाइक की मरम्मत कराने जा रहा था। तभी सहावर गेट की ओर से आ रहे बाइक सवार से उसकी टक्कर हो गई। अनिल सड़क पर गिर गया और उसके सिर में गहरी चोटें आ गईं।
सड़क हादसे पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से भाग गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना परिजनों को दी गई। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उसका शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के बड़े भाई विपिन ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।