फिरोजाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र में मंगलवार दोपहर को नेशनल हाईवे स्थित बालाजी मंदिर के पास चलती डीसीएम में अचानक आग लग गई। चालक ने डीसीएम को रोका और कूद कर अपनी जान बचाई। आधे घंटे तक डीसीएम से लपटें निकलतीं रहीं। इस दौरान हाईवे पर दहशत फैली रही। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को रोक दिया। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। इसके बाद यातायात सुचारू हुआ।
डीसीएम संख्या डीएल 1एलएक्स- 7223 को राहुल निवासी सतीनगर रामबाग आगरा चला रहा था। राहुल ने बताया कि उसने डीसीएम लखनऊ से बिस्कुट व बच्चों के खाने का सामान लेकर फिरोजाबाद आ रहा था। जब उसकी डीसीएम शिकोहाबाद ओवर ब्रिज पार कर बालाजी मंदिर के समीप पहुंची, तभी उसकी नजर साइड वाले शीशा पर पड़ी।
चालक ने कूदकर बचाई जान
डीसीएम के इंजन से धुआं उठ रहा था। चालक ने बिना देर किए वाहन को हाईवे पर ही रोक दिया और नीचे कूद गया। उसके उतरते ही डीसीएम से लपटें निकलने लगीं और डीसीएम धूं-धूं कर जलने लगी। बीच हाईवे पर डीसीएम को जलता देख अन्य वाहनों के पहिये थम गए।