कानपुर और कन्नौज में भी डेंगू का डंक
कानपुर में बुखार के दो और रोगियों की मौत हो गई है। दोनों रोगी पहले से अस्थमा की चपेट में रहे हैं। बुखार आने के दो दिन के बाद ही दम तोड़ दिया। इसके साथ ही सोमवार को डेंगू का एक संक्रमित मिला है। सीएमओ डॉ. नैपाल सिंह ने सभी पीएचसी प्रभारियों को आदेश दिए हैं कि ओपीडी में बुखार के 10 रोगी आने पर कैंप लगाकर सैंपलिंग की जाए।
कन्नौज जिले में डेंगू का डंक थम नहीं रहा है। रविवार को डेंगू के 13 मामले मिले। इनको मिलाकर जिले में डेंगू मरीजों की संख्या 74 पहुंच गई है। कई गांव में स्वास्थ्य टीम कैंप लगाकर मरीजों का उपचार कर रहीं हैं। गांव में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है।
रायबरेली में डेंगू के सात मरीज मिले
रायबरेली जिले में स्क्रब टाइफस की चपेट में आने के बाद लखनऊ के एक निजी अस्पताल में मरीज की मौत हो गई। वह जिले के डलमऊ क्षेत्र का मूल निवासी था लेकिन कई वर्षों से लखनऊ में परिवार के साथ रहता था। जांच में दो लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। डेंगू संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर अब सात हो गई है। जिले में संक्रमण बढ़ने के बाद सतर्कता बढ़ा दी गई है।
गोंडा में डबल अटैक
गोंडा जिले के गांवों में वायरल बुखार के साथ ही अब डेंगू का प्रकोप भी तेजी से फैलने लगा है। सरकारी अस्पताल से लेकर निजी अस्पतालों तक में बुखार पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को जिला अस्पताल में वायरल बुखार के साथ ही दो नए डेंगू संक्रमित मरीजों को भर्ती कराया गया। दूसरी तरफ डेंगू की जांच को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से उदासीन बना हुआ है। जांच न होने पाने के कारण ही डेंगू मरीजों की पुष्टि भी नहीं हो पा रही है।